November 8, 2026

ग्वालियर। डबरा सिटी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 किलो 128 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक गांजे की यह खेप ओडिशा से डबरा में खपाने के लिए लाई गई थी।

मंगरौरा रोड पर पिट्ठू बैग लेकर खड़े थे आरोपी

डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर डबरा पहुंचे हैं और मंगरौरा रोड की ओर किसी का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगरौरा रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान पिट्ठू बैग लेकर खड़े दो युवकों को पुलिस ने रोककर उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में छिपाकर रखा 13 किलो 128 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गौरव सेन और सोनीश नामदेव गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से गौरव सेन और सोनीश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि डबरा निवासी पुष्पेंद्र साहू ने उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर डबरा पहुंचाने के लिए कथित तौर पर 5-5 हजार रुपये देने का लालच दिया था।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय स्तर पर खपाने की थी तैयारी, मुख्य आरोपी फरार

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि गांजे की खेप डबरा पहुंचने के बाद कथित मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र साहू द्वारा इसे स्थानीय स्तर पर छोटे पैडलर्स और नशा करने वालों को बेचने की योजना थी।

मामले में पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं पुलिस के अनुसार मामले का कथित मुख्य सूत्रधार पुष्पेंद्र साहू फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *