November 9, 2026

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में शराब पीने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि युवक ने रास्ते में शराब खरीदी थी। इसके सेवन के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शराब के जहरीली या मिलावटी होने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मामा के गांव से लौटते समय खरीदी थी शराब

मामला धार जिले के दिगठान चौकी क्षेत्र के ग्राम रतवा का है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नवीन चौधरी के रूप में हुई है।

परिजन सुमित चौधरी की ओर से दिगठान चौकी में दी गई शिकायत के अनुसार, नवीन अपने मामा के गांव माचल गए थे। वहां से घर लौटते समय उन्होंने रास्ते में किसी स्थान से शराब खरीदी और उसका सेवन किया।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के मुताबिक शराब पीने के कुछ ही समय बाद नवीन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए दिगठान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

हालत में सुधार नहीं होने पर नवीन को धार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

परिजनों ने जहरीली शराब का जताया शक

परिजनों को आशंका है कि नवीन ने जिस शराब का सेवन किया था, वह जहरीली या मिलावटी हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शराब कहां से खरीदी गई थी, उसका स्रोत क्या था और उसके सेवन से ही युवक की मौत हुई या नहीं, इसकी जांच की जाए।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन और आबकारी विभाग पर उठाए सवाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्वतंत्र जोशी कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

जोशी ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पर जिले में अवैध शराब के कारोबार को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सागर के बंडा में सामने आए जहरीली शराब मामले का हवाला देते हुए कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और अवैध शराब पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक ने जिस शराब का सेवन किया था, वह कहां से खरीदी गई थी और उसकी मौत का वास्तविक कारण क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *