November 8, 2026

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने गुरुवार को ग्राम नेवली के ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण हमले में गंभीर रूप से घायल युवक नंदकिशोर पर पुलिस द्वारा धारा 327 के तहत मामला दर्ज किए जाने का विरोध कर रहे थे।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

सोते समय हमले का आरोप

पीड़ित परिवार के सदस्य रूप सिंह बैरागी और ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम नेवली निवासी नंदकिशोर 21 सितंबर को अपनी ससुराल धनियाखेड़ी गया था। आरोप है कि वहां सोते समय राहुल बैरागी ने उस पर हमला कर दिया, जिसमें नंदकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों के अनुसार, गंभीर हालत को देखते हुए नंदकिशोर को इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया था।

घायल युवक पर ही धारा 327 लगाने का विरोध

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर दिया। उनका कहना है कि गंभीर रूप से घायल नंदकिशोर पर ही धारा 327 के तहत मामला दर्ज किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

परिजनों और ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने पुलिस से कई बार मामले में कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने पहुंचकर प्रदर्शन और चक्काजाम किया।

अधिकारियों ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

चक्काजाम की सूचना मिलने पर रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा और एसडीओपी प्रतिभा शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों को समझाइश देकर करीब आधे घंटे से चल रहा चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है। मामले की नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों का मुख्य विरोध नंदकिशोर पर धारा 327 लगाए जाने को लेकर है। पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन लिया गया है और मामले की जांच के बाद नियमानुसार न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना और दोनों पक्षों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *