जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) के जबलपुर–हिरन नदी सेक्शन पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली अस्थायी रूप से बंद कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश के बाद यह व्यवस्था 27 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से लागू की गई है।

NHAI के अनुसार शहपुरा टोल प्लाजा की सभी लेन, जिसमें ETC/FASTag लेन भी शामिल हैं, फिलहाल टोल-मुक्त रहेंगी। इस दौरान किसी भी श्रेणी के वाहन से यूजर फीस नहीं ली जाएगी।
ROB के क्षतिग्रस्त एप्रोच के कारण लिया गया फैसला
शहपुरा रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के एप्रोच मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सामान्य यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। वाहनों को फिलहाल वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।
वहीं मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPRDC) की ओर से ROB के एप्रोच के स्थायी पुनर्निर्माण का काम कराया जा रहा है। निर्माण कार्य और बदली हुई यातायात व्यवस्था के कारण वाहन चालकों को हो रही असुविधा को देखते हुए NHAI ने टोल वसूली स्थगित करने का निर्णय लिया है।
सभी श्रेणी के वाहनों को मिलेगी राहत
टोल वसूली स्थगित रहने के दौरान शहपुरा टोल प्लाजा की सभी लेन पर वाहनों से शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसमें ETC लेन भी शामिल हैं।
हालांकि टोल प्लाजा की अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। NHAI के मुताबिक प्रकाश व्यवस्था, CCTV, ETC/ANPR/WIM सिस्टम, साइनेज और अन्य आवश्यक परिसंपत्तियों का रखरखाव किया जाता रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए ट्रैफिक संचालन भी जारी रहेगा।
ROB का काम पूरा होने के बाद फिर शुरू होगा टोल
NHAI के अनुसार शहपुरा ROB के एप्रोच का पुनर्निर्माण पूरा होने और आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा।
इसके बाद शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली दोबारा शुरू करने को लेकर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल टोल वसूली बंद रहने की कोई निश्चित अंतिम तारीख घोषित नहीं की गई है।