November 6, 2026

रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी की भी अहम भूमिका रही। भारत ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर महिला कबड्डी का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

संजू देवी की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू से आत्मीय संवाद करते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी सफलता से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

प्रतिभा और मेहनत से रोशन किया प्रदेश का नाम

मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है।

महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक अभियान में संजू देवी लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहीं। सेमीफाइनल में नेपाल के खिलाफ भारत की 48-24 की जीत में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। फाइनल में ईरान के खिलाफ उनकी सुपर रेड ने मुकाबले में भारत का पलड़ा मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

छत्तीसगढ़ की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने अपने खेल कौशल और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश के उन हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।

गांवों और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

संजू देवी की उपलब्धि इसी दिशा में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरक उदाहरण के तौर पर सामने आई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *