November 6, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में भाठागांव और चन्दनीडीह से अब तक 239 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भाठागांव, चन्दनीडीह, दतरेंगा और काठाडीह में प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भाठागांव में 54 लोगों का रेस्क्यू

ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार प्रवीण परमार और नगर निगम जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव की मौजूदगी में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

यहां अब तक 54 नागरिकों को सुरक्षित निकालकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया गया है। शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए नाश्ता, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप और हरिओम नगर क्षेत्र में भी रेस्क्यू अभियान जारी है।

चन्दनीडीह में 185 लोगों को सुरक्षित निकाला

ग्राम चन्दनीडीह में नायब तहसीलदार सौरभ कश्यप और नगर निगम जोन क्रमांक-8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा की मौजूदगी में एनडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।

प्रशासन के मुताबिक यहां अब तक 185 नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

काठाडीह में भी राहत-बचाव अभियान जारी

ग्राम काठाडीह में एसडीएम नंद कुमार चौबे, एनडीआरएफ कमांडिंग ऑफिसर मेजर पवन जोशी और रायपुर तहसीलदार राममूर्ति दीवान की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही है।

प्रशासन के मुताबिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारी और बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और राहत-बचाव दलों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *