राजिम में चारों तरफ पानी, घर में फंसे थे लोग
लगातार बारिश के चलते राजिम क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में पानी भर गया। रावण गांव और नवापारा सोमवारी बाजार का इलाका भी बाढ़ की चपेट में आ गया।

ग्राम रावड़, थाना राजिम निवासी बुधराम साहू अपने घर में बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। घर के चारों तरफ पानी भर गया था और जलस्तर कमर से ऊपर पहुंचने के कारण उनके लिए घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया था।
सूचना मिलने के बाद नगर सेना गरियाबंद की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
एक किलोमीटर तक पानी में पहुंची रेस्क्यू टीम
रेस्क्यू टीम ने बाढ़ के पानी के बीच करीब एक किलोमीटर तक पहुंचकर बुधराम साहू को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
इसी दौरान राजिम क्षेत्र में एक अन्य घर में भी लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला।
रावण गांव में करीब 50 लोगों का रेस्क्यू
रावण गांव के करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में स्थित एक मोहल्ले में भी बाढ़ का पानी भर गया था। यहां बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए।
नगर सेना की टीम ने अभियान चलाकर करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया।
करीब दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
राजिम के रावण गांव और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान शाम करीब 5 बजे शुरू हुआ। करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान नगर सेना की टीम ने बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का काम किया।
लगातार बारिश और तेज जलप्रवाह के बीच जवानों ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
इन जवानों ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू ऑपरेशन में नगर सेना गरियाबंद के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में हवलदार उमेंद्र सिन्हा, कुलेश्वर साहू, नायक वासुदेव निषाद, लांस नायक गोपीचंद ठाकुर, सैनिक मोहन निषाद, भुनेश्वर वर्मा, पन्ना पटेल, दिलीप ठाकुर, दर्शन ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सोहन कंवर और नारायण ध्रुव शामिल रहे।
अमलीपदर में भी 102 लोगों को सुरक्षित निकाला
राजिम के अलावा अमलीपदर क्षेत्र में भी बाढ़ का असर देखने को मिला। लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने के बाद नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने यहां भी अभियान चलाया।
रेस्क्यू टीम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 102 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उचित स्थान पर शिफ्ट किया।
राजिम और अमलीपदर में 152 लोगों का रेस्क्यू
नगर सेना की टीम ने राजिम क्षेत्र में करीब 50 लोगों और अमलीपदर क्षेत्र में करीब 102 लोगों को मिलाकर कुल 152 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन और बचाव दल की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं। जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है।