केरेगांव थाना क्षेत्र के माकाडोना गांव से दर्दनाक हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय हिमांशु कुमार गणेश विसर्जन के लिए माकाडोना नाला गया था। इसी दौरान वह नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
काफी देर तक तलाश करने के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाबालिग का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चप्पल पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बह गई 8 साल की बच्ची
दूसरा हादसा मेघा गांव में हुआ, जहां 8 वर्षीय तराना निषाद तेज बहाव वाले नाले की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि बच्ची खेल रही थी, इसी दौरान उसकी चप्पल बहकर नाले में चली गई।
चप्पल पकड़ने की कोशिश में बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह नाले के तेज बहाव में बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और SDRF टीम को भी बुलाया गया।
काफी देर तक रेस्क्यू और तलाश अभियान चलाने के बावजूद बच्ची का अभी तक पता नहीं चल सका है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उफनते नाले में फंसी कार, ग्रामीणों ने बचाई दो लोगों की जान
तीसरा हादसा भखारा क्षेत्र के सिंगदेही और जोरातराई के बीच हुआ। शुक्रवार रात करीब 10 बजे दो लोग कार से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार उफनते नाले के तेज बहाव में फंस गई।
कार पानी में फंसने के बाद उसमें सवार लोगों ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे।
इसके बाद कार को रस्सी से बांधकर ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि कार सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
धमतरी जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई जगहों पर तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन अलर्ट मोड पर है और लोगों से ओवरफ्लो हो रहे नाले, पुल-पुलिया और तेज बहाव वाले रास्तों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।
लगातार बारिश के दौरान पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी-नालों के करीब जाने या पानी के बीच से वाहन निकालने से बचना जरूरी है।