November 6, 2026

जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।

मामले में पुलिस ने प्रयागराज, उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती हुई है।

लावाकेरा बैरियर पर पुलिस ने रोका मिनी ट्रक

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन में सवार दो लोगों ने पूछताछ में अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लदी हैं और इन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।

मिर्ची की बोरियों के नीचे मिला गांजा

पुलिस को वाहन में लदे सामान पर संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने ट्रक की बारीकी से जांच शुरू की। ऊपर की तरफ मिर्ची की बोरियां रखी हुई थीं। इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पैकेटों की जांच की तो उनमें गांजा मिला। तलाशी के दौरान 14 बोरियों में कुल 440 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया।

गांजे के नहीं मिले वैध दस्तावेज

पुलिस ने आरोपियों से बरामद गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गांजे की अनुमानित कीमत 2.20 करोड़ रुपये से अधिक, जबकि वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।

ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और प्रयागराज में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है।

इन मामलों में पुलिस ने 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

ऑपरेशन आघात के तहत जारी है कार्रवाई

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन आघात के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, एएसआई संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की समेत एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की भूमिका रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *