बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक मामले में पुलिस ने आठ घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती का कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर (20) इस साजिश का मुख्य आरोपी है, जबकि उसके दोस्त करण कुंजाम (20) पर युवती पर एसिड फेंकने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि युवती के दूसरे व्यक्ति से संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले हमले की योजना बनाई थी।

लाइब्रेरी से घर लौटते समय युवती पर फेंका एसिड
पुलिस के अनुसार, सोमवार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर एसिड फेंका गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में तलाश अभियान शुरू किया गया।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में अलग-अलग बातें बताकर गुमराह करने की कोशिश की। बाद में उसने युवती से प्रेम संबंध होने और उसके शादी के लिए तैयार नहीं होने की बात कही। पुलिस का दावा है कि इसी नाराजगी के चलते उसने हमले की साजिश रची थी।
तीन महीने पहले बनाई थी हमले की योजना
पुलिस के अनुसार, यश ने अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर करीब तीन महीने पहले युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। करण मूल रूप से बीजापुर जिले के भैरमगढ़ का निवासी है।
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती के लाइब्रेरी से घर लौटने के दौरान करण ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंका। वारदात के बाद वह तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।
यश से पूछताछ के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसिड और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उनके मेमोरेंडम कथनों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। एसिड की खरीद और उसे बेचने वाले व्यक्ति की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- यश कुमार सोनकर (20): पिता ईश्वर लाल सोनकर, निवासी ग्राम नेवारीकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद।
- करण कुंजाम (20): पिता दिनेश कुंजाम, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।
एसिड बेचने वाले के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मुताबिक, जांच में एसिड की खरीद का संबंध दुर्ग से सामने आया है। एसिड बेचने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस इस मामले में दोनों की भूमिका और साजिश से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।