मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक फेरबदल और नई नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। पार्टी ने धर्मेंद्र सिंह चौहान को एक बार फिर मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। 23 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक नियुक्ति सूचना के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने उनके नाम को मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल है।

दो महीने पहले भंग किए गए थे सभी प्रकोष्ठ
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बदलाव और नए सिरे से गठन की प्रक्रिया के तहत सभी प्रकोष्ठों और विभागों को भंग कर दिया था। इस फैसले के चलते धर्मेंद्र सिंह चौहान भी किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हट गए थे।
अब पार्टी ने उन्हें दोबारा इसी जिम्मेदारी पर नियुक्त किया है। प्रकोष्ठों और विभागों को भंग किए जाने के बाद इसे कांग्रेस की पहली बड़ी आधिकारिक नियुक्ति माना जा रहा है।
किसान कांग्रेस की जिम्मेदारी फिर चौहान के पास
धर्मेंद्र सिंह चौहान को दोबारा जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने किसान कांग्रेस के नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखने का फैसला किया है। प्रदेश में किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाने और संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।
अन्य नियुक्तियों पर भी नजर
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब कांग्रेस के अन्य प्रकोष्ठों और विभागों में पदाधिकारियों की घोषणा का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में संगठन के अलग-अलग विभागों में भी नई नियुक्तियां की जा सकती हैं।
हालांकि, फिलहाल पार्टी की ओर से अन्य नियुक्तियों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।