November 7, 2026

रायपुर। राजधानी के हीरापुर इलाके में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में देर रात घुसे चोरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और करीब 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए वायर की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

चौकीदार को बांधकर की पिटाई

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। चोर गिरोह फैक्ट्री में दाखिल हुआ और सबसे पहले वहां तैनात चौकीदार को बंधक बना लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चौकीदार को बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद फैक्ट्री से करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर अपने साथ ले गए।

CCTV कैमरे और DVR भी ले गए चोर

चोर केवल कॉपर वायर ही नहीं, बल्कि फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनका डीवीआर भी उखाड़कर ले गए, ताकि घटना से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ न लग सकें।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों की पहचान और उनकी तलाश को लेकर जांच जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *