November 8, 2026

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बच्ची सहित 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसा केल्हारी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

सेमरमथानी मोड़ के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास चालक का बस से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

बच्ची समेत 6 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

हादसे में एक बच्ची सहित 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की आशंका है। हालांकि, मृतकों और घायलों की विस्तृत पहचान तथा स्थिति की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *