दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप से चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। रकम को वाहन के पिछले हिस्से में मॉडिफाई कर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर रकम के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

रायपुर से नागपुर जा रही थी पिकअप
जानकारी के अनुसार, बोलेरो मैक्स पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे डबरापारा, खुर्सीपार थाना क्षेत्र के पास पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान गाड़ी को रोका गया।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई।
मॉडिफाइड हिस्से में मिला गुप्त चेंबर
पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली तो उसके पिछले हिस्से में मॉडिफिकेशन कर बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा छिपाकर रखी हुई मिली। नोटों की गिनती कराने पर कुल रकम चार करोड़ रुपये निकली।
आयकर विभाग को दी गई सूचना
पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और उसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ कर रही है। रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की विस्तृत जांच के लिए पुलिस विभाग की ओर से आयकर विभाग को भी सूचना भेजी गई है।