कोरबा। करतला रेंज के काशीपानी जंगल में नौ हाथियों के झुंड में नन्हे हाथी के जन्म पर ग्रामीणों ने अनूठी पहल की। आसपास के सात गांवों के लोगों ने मिलकर बेबी एलिफेंट की छठी मनाई और उसका नाम ‘काशी’ रखा। इस आयोजन में ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर नन्हे मेहमान के आगमन की खुशी साझा की।

मंदिर में पूजा, भजन-कीर्तन के बाद बांटी प्रसादी
कार्यक्रम कारीपानी मंदिर के नीचे स्थित गौठान टिकरापारा में आयोजित किया गया। इसमें रामभाठा, लबेद, पाहराभांठा, काशीपानी, छातापाठ, जामपानी और छुईडुंगा गांव के ग्रामीण शामिल हुए।
इस दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन किया गया। धार्मिक आयोजन के बाद ग्रामीणों के बीच भोजन प्रसादी का वितरण हुआ। ग्रामीणों ने नवजात हाथी का नाम ‘काशी’ रखकर उसके प्रति अपना स्नेह जताया।
वन विभाग ने की सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील
इस अवसर पर एसडीओ मणिकांत वर्मा ने ग्रामीणों से हाथियों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि नौ हाथियों का झुंड अभी काशीपानी जंगल में ही मौजूद है।
वन विभाग के अनुसार, कुदमुरा क्षेत्र में 32 और चचिया में 7 हाथी मौजूद हैं। हाथियों ने अब तक 17 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
2000 में पहली बार कोरबा पहुंचे थे हाथी
बताया जाता है कि कोरबा जिले में हाथियों का आगमन पहली बार वर्ष 2000 में कुदमुरा के आमटिकरा क्षेत्र में हुआ था। समय के साथ इनकी संख्या बढ़ती गई और कई बार जिले में हाथियों की संख्या 150 तक पहुंच जाती है।
ग्रामीणों के बीच हाथी के बच्चे की छठी मनाने की परंपरा धिनारा गांव से शुरू हुई थी। अब सात गांवों के ग्रामीणों ने एकजुट होकर नन्हे हाथी ‘काशी’ की छठी मनाई।