November 9, 2026

सारंगढ़। सारंगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में 24 अक्टूबर को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस के मुताबिक, पांच दोस्तों ने बिरयानी खाने और नशे के लिए पैसे जुटाने के इरादे से लूट की योजना बनाई थी। बस स्टैंड में नशे की हालत में सो रहे व्यक्ति को लूटने की कोशिश के दौरान वह जाग गया और विरोध करने लगा। इसी बीच एक नाबालिग ने बटन चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर फरार हो गए।

बस स्टैंड के पास मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाने को बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस अधिकारी, जूटमिल पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए गए।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले थे। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की।

नशे के लिए करते थे लूटपाट

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान 15 से 16 वर्ष के कुछ लड़कों के घटना में शामिल होने और वारदात के दिन मौके पर देखे जाने की जानकारी मिली।

हुलिए के आधार पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर एक युवक और चार नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वे सभी नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। वे शराब के नशे में रहने वाले लोगों के अलावा बुजुर्गों और रात में रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे।

एक युवक गिरफ्तार, चार नाबालिग पकड़े गए

मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को पकड़ा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, रक्तरंजित कपड़े और बाइक जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *