भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

छह साल से छात्रावास में रहकर कर रही थी पढ़ाई
मृत छात्रा तुमरीसुर गांव की रहने वाली थी और विद्यालय में कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय में पढ़ती थी। वह पिछले करीब छह वर्षों से इसी छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने के कारण उसके पिता उसे घर ले गए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह उसके मामा उसे वापस छात्रावास छोड़ने आए थे।
कमरे का दरवाजा खोलने पर मिली लाश
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सोमवार दोपहर के बाद छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रही। शाम करीब पांच बजे जब अन्य छात्राएं अपने कमरे में लौटीं, तो उसका कमरा अंदर से बंद मिला। छात्राओं ने इसकी जानकारी छात्रावास अधीक्षक को दी।
दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। इसके बाद छात्रावास में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। छात्रा के परिजन भी वहां पहुंचे।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मौत की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और लंबे समय से छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रही थी। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। अब तक घटना के पीछे किसी विशेष कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल दुर्गूकोंदल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही छात्रा की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।