November 11, 2026

भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के बाद मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है। पटना में एक जनसभा के दौरान खरगे की टिप्पणी सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने इसे राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।

बताया गया कि जनसभा के दौरान एक व्यक्ति ने बीच में टोकते हुए कहा कि मोदी नहीं आएगा। इस पर नाराजगी जताते हुए खरगे ने कथित तौर पर कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ बयान सामने आने के बाद भाजपा के प्रदेश नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की है।

‘राजनीति की मर्यादा का खुला उल्लंघन’: हेमंत खंडेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने खरगे की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे राजनीति की मर्यादा का खुला उल्लंघन बताया। खंडेलवाल ने कहा कि खरगे पहले भी कई मौकों पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि खरगे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल अपनी मर्जी से करते हैं या गांधी परिवार के इशारे पर। खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी की देशभर में निंदा हो रही है। लोकतंत्र में किसी भी नेता की ओर से इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सोनिया और राहुल गांधी से मांगा जवाब

भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने भी खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर इतना क्यों गिर गया है कि प्रधानमंत्री के पिता के प्रति भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कोठारी ने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि मर्यादाओं का पतन और अराजक सोच का प्रदर्शन है। उन्होंने इसे वैचारिक असहिष्णुता बताते हुए ‘दिमागी नक्सलवाद’ जैसी मानसिकता करार दिया।

भाजपा महामंत्री ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से जवाब मांगते हुए पूछा कि क्या वे खरगे की इस भाषा का समर्थन करते हैं? यदि नहीं, तो पार्टी उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी?

दोपहर 3 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव

खरगे की टिप्पणी के विरोध में मध्य प्रदेश भाजपा ने प्रदर्शन की तैयारी की है। पार्टी के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, दोपहर 3 बजे भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेंगे।

भाजपा का कहना है कि वैचारिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राजनीतिक बहस में भाषा की मर्यादा और परिवार की गरिमा का सम्मान जरूरी है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह इस तरह की टिप्पणियों का विरोध करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *