बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नशा बुराई और सामाजिक विकृति की जड़ है। इसे समाज से दूर करने के लिए सभी को संकल्प लेकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। नशामुक्ति के क्षेत्र में शिव पंथ समुदाय की ओर से किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री बड़वानी जिले के ग्राम अजगरिया में शिव पंथ समुदाय द्वारा शरद पूर्णिमा पर आयोजित नशामुक्ति कार्यक्रम में विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने शिव पंथ के संस्थापक परम पूज्य गुरुवर्य श्री वनसिंह महाराज और उनके बताए मार्ग पर चल रहे श्री कालूसिंह महाराज तथा सुमली माताजी को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन एक बार मिलता है, इसलिए इसे नशे की प्रवृत्ति में गंवाने के बजाय ऐसे कार्यों में लगाना चाहिए, जिनसे जीवन सार्थक हो।
2029 तक नशे की बुराई खत्म करने का संकल्प
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2029 तक देश और मध्यप्रदेश से नशे की बुराई को जड़ से खत्म किया जाए। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज का हर व्यक्ति नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि भगवान शंकर के नाम पर स्थापित शिव पंथ आध्यात्मिकता के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। शरद पूर्णिमा के महत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर्व पर चंद्रमा अपनी 16 कलाओं के साथ प्रकाश फैलाता है। मान्यता है कि इस रात बनाई गई खीर पर चंद्रमा की अमृत वर्षा होती है। शिव पंथ के अनुयायी भी खीर खिलाकर नशामुक्ति का संदेश देते हैं।
दूध उत्पादन बढ़ाने किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष किसान कल्याण वर्ष मना रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसान खेती के साथ दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा दें। सरकार दुग्ध उत्पादन और गौशाला संचालन के लिए अनुदान देगी। किसान घर में पशुपालन कर दूध का उत्पादन करें और समितियों के माध्यम से उसका विक्रय करें। इससे उन्हें आय के साथ सरकार की ओर से बोनस का लाभ भी मिलेगा।
उन्होंने लोगों से दूध के सेवन और दुग्ध उत्पादन को अपनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा। जनसहयोग और जनभागीदारी से ही किसी प्रयास को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।
बड़वानी जिले को कई विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- ग्राम में खुपजदेव धाम का निर्माण और वहां तक सड़क बनाने की घोषणा।
- ग्राम अजगरिया में बालक और बालिकाओं के लिए 100-100 सीटर छात्रावास।
- ग्राम पांजरिया में 50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त शेड।
- ग्राम धवली में पुलिस चौकी की स्थापना।
- बारेली भाषा के संरक्षण और विकास के लिए दस्तावेजों का संरक्षण एवं शोध।
- सिकल सेल बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, जांच, परामर्श और उपचार की व्यवस्था।
- वन औषधियों के संरक्षण के लिए बड़वानी में वन औषधि शोध संस्थान की स्थापना।
- जनजातीय ग्रामीणों के शेष वन अधिकार पट्टे जारी करना।
- पहले से पट्टे प्राप्त कर चुके लोगों के पट्टों की रजिस्ट्री सरकार की ओर से कराना।
क्या है शिव पंथ संगठन?
शिव पंथी सत्संग संगठन ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से नशामुक्ति के लिए काम कर रहा है। संगठन आध्यात्मिकता और सत्संग के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करता है। इसकी मान्यता है कि आध्यात्मिक साधना और सत्संग से व्यक्ति को आंतरिक शांति मिलती है और वह नशे जैसी बुराइयों से दूरी बना सकता है।
सवा माह के कठिन संकल्प के बाद दी जाती है गुरु दीक्षा
शिव पंथ में गुरु-शिष्य परंपरा के तहत दीक्षा देने से पहले कठोर संकल्प का पालन कराया जाता है। इसके अंतर्गत इच्छुक शिष्य को सवा माह तक ब्रह्मचारी जीवन का पालन करना होता है। संकल्प पूरा करने के बाद ही उसे शिष्य के रूप में स्वीकार किया जाता है। संगठन में महिलाओं को भी दीक्षा दी जाती है।
शरद पूर्णिमा पर हजारों ग्रामीण पहुंचे
ग्राम अजगरिया के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे पहुंचे। आयोजन के दौरान भगवान शिव का स्मरण किया गया और रातभर धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियां हुईं। श्रद्धालुओं को दूध प्रसादी और चावल की खिचड़ी वितरित की गई।