भोपाल। मध्य प्रदेश में OBC आरक्षण और पिछड़ा वर्ग से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी कर रही है। इसके लिए 2 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की OBC आरक्षण कमेटी की पहली बैठक प्रस्तावित है। बैठक में प्रदेश में OBC वर्ग के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

कमेटी में कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की इस विशेष समिति में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। समिति के सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक कमलेश्वर पटेल, हिना कांवरे, राजकुमार पटेल, सिद्धार्थ कुशवाहा और दिनेश गुर्जर शामिल हैं।
सड़क से सदन तक मुद्दे उठाने की तैयारी
कांग्रेस प्रदेश में OBC आरक्षण और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की तैयारी में है। दिल्ली में होने वाली बैठक में इन मुद्दों पर पार्टी की आगे की रणनीति और संभावित आंदोलन के कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा।
बैठक के बाद प्रदेश स्तर पर आंदोलन को लेकर आगे की गतिविधियां तय होने की संभावना है।