November 14, 2026

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लोक कलाकार और अहीर परंपरा के पारंपरिक वाद्यों के सिद्धहस्त वादक विक्रम यादव का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे बीन और बांस वादन के लिए पहचाने जाते थे। उनके निधन से प्रदेश की लोककला और सांस्कृतिक जगत में शोक है। विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव और संस्कृति विशेषज्ञ अशोक तिवारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

लोककला जगत के लिए अपूरणीय क्षति : डॉ. रमन सिंह

डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा निवासी प्रख्यात बीन एवं बांस वादक विक्रम यादव ने अपने हुनर से छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया। तुलसी सम्मान से सम्मानित कलाकार का निधन प्रदेश के लोककला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भूपेश बघेल ने भी जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विक्रम यादव के निधन को छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा (रवेली) निवासी इस प्रख्यात बांस वादक ने छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में योगदान दिया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

विधायक देवेंद्र यादव ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विक्रम यादव का जाना प्रदेश की कला और संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत कलाकार के प्रशंसकों और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अशोक तिवारी ने साझा की कलाकार के वादन से जुड़ी यादें

संस्कृति विशेषज्ञ अशोक तिवारी ने सोशल मीडिया पर विक्रम यादव के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ की लोक संगीत परंपरा ने अपना एक अनमोल साधक खो दिया है।

तिवारी ने विक्रम यादव के साथ अपनी पुरानी मुलाकातों और मैसूर में हुए एक सांस्कृतिक आयोजन की स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले वे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में कार्यरत थे। उस दौरान मैसूर केंद्र में ‘अनंत यात्रा’ नाम से कार्यक्रम श्रृंखला शुरू की गई थी। इसी सिलसिले में बस्तर बैंड की टीम को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था। टीम ने लगातार तीन दिन कार्यक्रम प्रस्तुत किए थे।

तिवारी के मुताबिक, उन प्रस्तुतियों में विक्रम यादव का वादन खास आकर्षण था। बांसुरी, बांस और नगडेवन जैसे पारंपरिक वाद्यों पर उनकी पकड़ और लोकधुनों को जीवंत करने की कला ने उन्हें प्रभावित किया। इसके बाद उनका विक्रम यादव से परिचय और मुलाकातों का सिलसिला बना रहा।

तुलसी सम्मान से भी हुए थे सम्मानित

अशोक तिवारी ने बताया कि विक्रम यादव को करीब 10 से 15 वर्ष पहले प्रतिष्ठित तुलसी सम्मान से अलंकृत किया गया था। उस सम्मान की निर्णायक मंडली में वे भी सदस्य थे। उन्होंने कहा कि विक्रम यादव जैसे कलाकार पीढ़ियों से चली आ रही लोक परंपराओं के संवाहक होते हैं। उनके वाद्य भले ही मौन हो गए हों, लेकिन उनकी कला और उनसे निकली लोकधुनें हमेशा याद रखी जाएंगी।

विक्रम यादव के निधन पर कला और संस्कृति जगत से जुड़े लोगों ने भी शोक जताया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *