November 24, 2026

रायपुर। प्रदेशभर में पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन के जरिए अपनी बात रखना जरूरी है, लेकिन कर्मचारी जनता की सेवा के लिए नियुक्त हैं। उन्हें जनहित को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। सरकार पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी।

फसल नुकसान का कराया जाएगा सर्वे

चक्रवाती तूफान अर्नब से फसलों को हुए नुकसान को लेकर उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि जिन किसानों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत नुकसान की जानकारी दी है, उनका सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के नुकसान को लेकर गंभीर है और मुख्यमंत्री के निर्देश पर सर्वे की प्रक्रिया चल रही है।

कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन पर साधा निशाना

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर साव ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल बनाने के लिए आंदोलन कर रही है। उनके मुताबिक, जिन मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है, उनका आम जनता से संबंध नहीं है।

राज्योत्सव के दौरान दिल्ली में प्रदर्शन पर उठाए सवाल

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव का आयोजन हो रहा है, लेकिन कांग्रेस यहां मौजूद रहने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का राज्य और देश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है और वह अनावश्यक मुद्दों पर आंदोलन कर रही है।

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को लेकर कांग्रेस पर पलटवार

राज्योत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने के कांग्रेस के आरोप पर साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सरकार के मन में सम्मान और श्रद्धा है और इसके लिए कांग्रेस से प्रमाण लेने की जरूरत नहीं है।

साव ने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर प्रदेश को अपमानित करने और लूटने का आरोप भी लगाया। उन्होंने नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के मान-सम्मान और गौरव को लेकर कांग्रेस का रवैया जनता जानती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *