बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय स्टेशन ऑपरेटर अमन साहू की मौत हो गई। वह ठेका कंपनी के तहत सब स्टेशन में कार्यरत था। हादसे के बाद बिजली विभाग और ठेका कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि काम के दौरान ऑपरेटर को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सुबह रिलीवर ऑपरेटर पहुंचा तो सामने आया हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना हिर्री थाना क्षेत्र की है। अमन साहू रात में कुरेली सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात था। रातभर ड्यूटी के बाद सुबह जब रिलीवर ऑपरेटर स्टेशन पहुंचा, तो अमन कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि वह ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आया था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट लगने की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी जांच के दायरे में
आरोप है कि जोखिम भरे काम के बावजूद ऑपरेटर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जांच में यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि सब स्टेशन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और हादसे के लिए किसकी जिम्मेदारी बनती है।
कुरेली सब स्टेशन में हुई इस घटना ने बिजली विभाग और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 32 वर्षीय कर्मचारी की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।