दुर्ग। बिना ड्राइविंग लाइसेंस बेटे को बाइक चलाने देना पिता के लिए भी कानूनी मुसीबत बन गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाकर एक्टिवा को टक्कर मारने के मामले में दुर्ग की सत्र अदालत ने बाइक चालक बेटे को 5 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। वहीं, बिना लाइसेंस बेटे को वाहन सौंपने के आरोप में पिता को 3 महीने के साधारण कारावास से दंडित किया गया है।

तेज रफ्तार बाइक ने एक्टिवा को मारी टक्कर
अभियोजन के अनुसार, घटना पिछले साल 4 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे कोलका स्थित इंदु आईटी स्कूल के पास हुई थी। आरोपी मोहित बघेल अपने दोस्त वासुदेव ठाकुर को पीछे बैठाकर तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। वह बाइक को लहराते हुए चला रहा था।
वासुदेव ने उसे तेज रफ्तार कम करने और दुर्घटना की आशंका जताते हुए सावधान भी किया, लेकिन मोहित ने गति कम नहीं की। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रही एक्टिवा से टकरा गई।
हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा सवार शादान अली के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद उत्तम पांड गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की सुनवाई के बाद सत्र न्यायाधीश के. विनोद कुजूर की अदालत ने मोहित बघेल को 5 साल के सश्रम कारावास और उसके पिता को 3 महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई। अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक द्रोण ताम्रकार ने पैरवी की।
अभिभावकों के लिए कानूनी चेतावनी
मोटरयान अधिनियम के तहत वाहन मालिक या जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले व्यक्ति को वाहन चलाने देना दंडनीय है। ऐसे मामलों में वाहन मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। यह फैसला अभिभावकों को अपने बच्चों को वाहन देने से पहले उनकी वैध ड्राइविंग पात्रता सुनिश्चित करने की याद दिलाता है।
नाबालिग वाहन चालकों के मामलों में बढ़ोतरी
पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बीते तीन वर्षों में नाबालिग वाहन चालकों से जुड़े 201 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। वर्ष 2024 में 13, वर्ष 2025 में 78 और वर्ष 2026 में 110 प्रकरण दर्ज किए गए। इन आंकड़ों के अनुसार, हर साल ऐसे मामलों की संख्या बढ़ी है।