November 21, 2026

रायपुर। अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टरों ने 60 वर्षीय मरीज की छाती में हृदय के पास मौजूद कैंसर की गांठ का सफल ऑपरेशन किया है। करीब चार घंटे चली सर्जरी में 5 सेंटीमीटर से बड़ी गांठ निकाली गई। यह गांठ हृदय की प्रमुख रक्त वाहिकाओं, बाएं फेफड़े और आसपास के अंगों से चिपकी हुई थी। ऐसे में ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव और मरीज की जान को खतरा होने की आशंका थी। कैंसर सर्जरी और हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने चुनौतीपूर्ण सर्जरी को अंजाम दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इनवेसिव थाइमोमा का हुआ था निदान

मरीज को छाती में दर्द और भारीपन की शिकायत थी। निजी अस्पताल में बायोप्सी के बाद उसे इनवेसिव थाइमोमा होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद मरीज को कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी दी गई। आगे के उपचार के लिए उसे अंबेडकर अस्पताल लाया गया।

कॉन्ट्रास्ट सीटी स्कैन में छाती के भीतर 5×4.3×2.5 सेंटीमीटर की गांठ मिली। यह महाधमनी (एओर्टा), पल्मोनरी आर्टरी, बाएं फेफड़े और हृदय की बाहरी झिल्ली से चिपकी हुई थी।

प्रमुख रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखना थी सबसे बड़ी चुनौती

डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती गांठ को प्रमुख रक्त वाहिकाओं से अलग करते हुए निकालना था। विशेष रूप से महाधमनी को नुकसान पहुंचने पर गंभीर रक्तस्राव का खतरा था। इसे देखते हुए दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने सर्जरी की योजना बनाई।

ऑपरेशन के दौरान छाती के बीच में चीरा लगाकर गांठ तक पहुंच बनाई गई। आसपास के अंगों से गांठ को अलग करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसे पूरी तरह निकालने के लिए हृदय की बाहरी झिल्ली और बाएं फेफड़े का कुछ हिस्सा भी निकालना पड़ा।

क्या होता है इनवेसिव थाइमोमा?

थाइमोमा छाती में हृदय के सामने स्थित थाइमस ग्रंथि में बनने वाला ट्यूमर है। इनवेसिव थाइमोमा आसपास के अंगों और ऊतकों तक फैल सकता है। इसके उपचार में मरीज की स्थिति और ट्यूमर के फैलाव के आधार पर सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी की जरूरत पड़ सकती है।

इन डॉक्टरों की टीम ने किया ऑपरेशन

अस्पताल के अनुसार, डॉ. आशुतोष गुप्ता और डॉ. केके साहू के नेतृत्व में डॉ. किशन सोनी, डॉ. गुंजन अग्रवाल, डॉ. सोनम, डॉ. समृद्ध, डॉ. लावण्या, डॉ. आशीष मालव, डॉ. गौरव और डॉ. अक्षय ने सर्जरी में भूमिका निभाई। निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. संकल्प भी टीम में शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *