November 21, 2026

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुटकिपारा गांव में लकड़ी लेने जंगल गए एक ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के हाथ और कंधे पर गहरे घाव आए हैं। घायल ने टांगिया से तेंदुए पर वार कर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

लकड़ी लेने गया था ग्रामीण, अचानक सामने आया तेंदुआ

जानकारी के अनुसार, घायल ग्रामीण की पहचान कुटकिपारा निवासी टेकराम ध्रुव के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह घरेलू उपयोग के लिए लकड़ी लेने पास के जंगल गया था। लकड़ी इकट्ठा करने के दौरान अचानक उसका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए को देखकर टेकराम ने भागने की कोशिश की, लेकिन वन्य प्राणी ने उस पर हमला कर दिया।

टांगिया से वार कर बचाई जान

हमले के दौरान टेकराम ने बचाव के लिए अपने पास रखी टांगिया से तेंदुए पर वार किया। इससे तेंदुआ वहां से भाग गया। हालांकि, हमले में उसके हाथ और कंधे पर नाखूनों से गहरे घाव हो गए। घायल किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल लोहारा उपस्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम सक्रिय

कवर्धा शहर के भीतर तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद से क्षेत्र में वन्य प्राणी की मौजूदगी को लेकर चिंता बनी हुई है। अलग-अलग इलाकों से भी तेंदुए के देखे जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। हालांकि, वन विभाग ने सभी सूचनाओं की पुष्टि नहीं की है। विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर ही तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।

वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है। रात में पिंजरा लगाकर निगरानी की गई। इसके अलावा ड्रोन की मदद से भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *