रायपुर। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी स्कूल की प्राचार्य और लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ACB की टीम ने पकड़ा है।

80 हजार के एरियर के बदले मांगी थी रिश्वत
मामला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी का है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल की प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह ने स्कूल के बाबू मनीष राठौर से वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपए का एरियर निकालने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की पुष्टि के लिए कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही दोनों आरोपी रिश्वत की रकम लेते पहुंचे, ACB ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
13 अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
ट्रैप कार्रवाई में ACB के 13 अधिकारियों की विशेष टीम शामिल रही। गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
ACB की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
बिलासपुर ACB की 56वीं ट्रैप कार्रवाई
बताया गया है कि यह ACB बिलासपुर की लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई है। विभाग की ओर से भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।