भोपाल। राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में स्थित AIIMS अस्पताल के बाहर से 19 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा 16 सितंबर की शाम से लापता है और चार दिन बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।

AIIMS में एडमिशन की जानकारी लेने पहुंचा था परिवार
लापता छात्रा की पहचान रिषिका मन्ना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रिषिका अपने परिजनों के साथ AIIMS अस्पताल में एडमिशन से जुड़ी जानकारी लेने पहुंची थी।
अस्पताल परिसर में पढ़ाई से संबंधित किसी बात को लेकर रिषिका की अपनी मां से बहस हो गई। इसके बाद उसने कुछ देर टहलकर आने की बात कही और अस्पताल से बाहर निकल गई।
मोबाइल और पर्स रिश्तेदार के पास छोड़ा
बताया जा रहा है कि अस्पताल से बाहर जाते समय रिषिका अपना मोबाइल फोन और पर्स एक रिश्तेदार के पास छोड़ गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने AIIMS परिसर और आसपास के इलाकों में छात्रा को तलाश किया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित अन्य संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
छात्रा के लापता होने के बाद परिजनों ने बागसेवनिया थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि छात्रा के अस्पताल से बाहर निकलने के बाद उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर भी तलाश कर रही है।
फिलहाल छात्रा के लापता होने की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।