September 14, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित AIM Congress-2026 (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन 8 सितंबर को शिक्षा क्षेत्र में निवेश को लेकर अहम बैठक की। मुख्यमंत्री ने GEMS Education के चेयरमैन-फाउंडर सनी वर्की से मुलाकात कर मध्यप्रदेश की शिक्षा नीति और प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्की को मध्यप्रदेश में किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद प्रदेश में विद्यार्थियों का स्कूलों की ओर रुझान बढ़ा है। इस दौरान सांदीपनि स्कूलों को लेकर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने सनी वर्की को आगामी Global Investors Summit (GIS)-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

इंदौर-भोपाल में इंटरनेशनल K-12 स्कूल खोलने की तैयारी

बैठक में GEMS Education की ओर से मध्यप्रदेश के प्रमुख और विकासशील शहरों में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले K-12 स्कूल कैंपस स्थापित करने में रुचि दिखाई गई। कंपनी ने खास तौर पर इंदौर और भोपाल में स्कूल शुरू करने की इच्छा जताई है।

प्रस्तावित स्कूलों में विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कंपनी स्थानीय जरूरतों और भविष्य की लर्निंग आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नेशनल और इंटरनेशनल करिकुलम लागू करने की दिशा में काम करेगी।

शिक्षक प्रशिक्षण और स्कूल लीडरशिप पर भी फोकस

GEMS Education की ओर से स्कूलों में संस्थागत गुणवत्ता मजबूत करने के लिए टीचर ट्रेनिंग और स्कूल लीडरशिप डेवलपमेंट पर भी काम करने की बात कही गई।

इसके अलावा टेक्नोलॉजी आधारित क्लासरूम तैयार करने के साथ विद्यार्थियों के लिए STEM, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़े फ्यूचर-रेडी प्रोग्राम विकसित किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी और रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करना होगा।

दुनिया के कई देशों में शिक्षा नेटवर्क

बैठक में GEMS Education के चेयरमैन सनी वर्की ने मुख्यमंत्री को कंपनी के कामकाज और वैश्विक नेटवर्क की जानकारी दी। कंपनी के अनुसार, वह निजी K-12 शिक्षा क्षेत्र के प्रमुख वैश्विक प्रदाताओं में शामिल है और अलग-अलग देशों में विभिन्न करिकुलम वाले स्कूलों का संचालन करती है।

कंपनी का फोकस क्वालिटी एजुकेशन के साथ टीचर डेवलपमेंट और एजुकेशनल इनोवेशन पर है।

2000 में हुई थी कंपनी की स्थापना

सनी वर्की के मुताबिक GEMS Education की स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी। कंपनी का मुख्यालय दुबई में है और इसका नेटवर्क मिडिल ईस्ट, एशिया, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका तक फैला हुआ है।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सनी वर्की को GIS-2027 में शामिल होने का निमंत्रण दोहराया। प्रस्तावित निवेश से मध्यप्रदेश के इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्कूली शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और नई तकनीक आधारित लर्निंग सुविधाओं के विस्तार की संभावना बन सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *