अनूपपुर: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पसला ग्राम पंचायत की महिला सरपंच संतरी सिंह के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सरपंच अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं और परिसर में धरने पर बैठ गईं। इसके बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की।

बिल और वाउचर पर हस्ताक्षर कराने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, विवाद बिल और वाउचरों पर जबरन हस्ताक्षर कराने को लेकर शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले 18 वर्षों से सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाल रहीं संतरी सिंह के साथ कुछ लोगों ने विवाद किया और उन पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। इसी दौरान उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
कार्रवाई में देरी पर समर्थकों के साथ धरने पर बैठीं सरपंच
घटना से नाराज संतरी सिंह अपने समर्थकों के साथ न्याय की मांग लेकर कोतवाली थाने पहुंचीं। आरोप है कि शुरुआती कार्रवाई में देरी होने पर सरपंच और उनके समर्थक थाने परिसर में ही धरने पर बैठ गए।
मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की। इसके बाद सरपंच और उनके समर्थकों ने धरना समाप्त कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मारपीट और जबरन हस्ताक्षर कराने के आरोपों की जांच की जा रही है।