रायपुर। भाजपा विधायक रिकेश सेन ने अपनी शासकीय सुरक्षा में कटौती करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की सादगी और समर्पित कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है।

विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि वे स्मृति ईरानी की सादगी और कार्यशैली से काफी प्रभावित हैं। उनके मुताबिक, स्मृति ईरानी का संदेश है कि भाजपा का कार्यकर्ता जनता की ताकत से आगे बढ़ता है और उसे सादगी के साथ जनसेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
सादगी और जनसेवा को प्राथमिकता
रिकेश सेन ने कहा कि स्मृति ईरानी से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी शासकीय सुरक्षा कम कराने का फैसला किया है। उल्लेखनीय है कि स्मृति ईरानी ने सांसदों और विधायकों को सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाने तथा जनता के बीच रहकर काम करने का संदेश दिया था।
विधायक ने इसी संदेश से प्रेरित होकर सुरक्षा व्यवस्था में कटौती का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया है। हालांकि, सुरक्षा में कितनी कटौती होगी और इस पर शासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाएगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।