भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर सोमवार को भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी राज्यसभा उपचुनाव, संगठनात्मक अभियानों, भगवान बिरसा मुंडा जयंती, समान नागरिक संहिता (UCC) और प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।

राज्यसभा सीट के लिए 4-5 नामों का पैनल तैयार
बैठक में एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया गया। हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा के बाद चार से पांच नामों का पैनल तैयार किया गया है। इसे अंतिम निर्णय के लिए केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद उम्मीदवार के नाम की घोषणा होगी।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत रैलियां
भाजपा प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसके तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना है। पार्टी ने इन रैलियों में करीब एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा सभी जिला मुख्यालयों पर भी अभियान के तहत कार्यक्रम और प्रदर्शन किए जाएंगे।
बिरसा मुंडा जयंती, UCC और सरकार के तीन साल पर कार्यक्रम
बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी पर चर्चा हुई। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता और प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर शासन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना भी बनाई गई।
बैठक में मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के विकास कार्यों की जानकारी एक सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, ताकि आम लोग इन कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
केंद्र की योजनाओं के लिए बनेगी विशेष टीम
केंद्र सरकार की योजनाओं का मध्य प्रदेश में बेहतर और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीम गठित करने की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मंत्रियों के नेतृत्व में यह टीम काम करेगी।
इसके अलावा केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों के साथ समन्वय के लिए राज्य के सांसदों को जिम्मेदारी से जोड़ने की योजना है। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रदेश तक पहुंचाना है।
खरगे के बयान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी ने बयान की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने इसे अमर्यादित बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।