ग्वालियर। ग्वालियर में भाजपा जिला कार्यसमिति की ओर से कांग्रेस महापौर डॉ. शोभा सिकरवार के खिलाफ लाए गए निंदा प्रस्ताव को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा सांसद भारत सिंह कुशवाह द्वारा विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है।
प्रेसवार्ता में महापौर ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें गलत बताया। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया और सांसद से ग्वालियर के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार से लाई गई राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।

BJP ने महापौर पर लगाए विकास कार्यों में बाधा के आरोप
दरअसल, भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में ग्वालियर की कांग्रेस महापौर डॉ. शोभा सिकरवार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया गया था।
भाजपा सांसद भारत सिंह कुशवाह ने आरोप लगाया था कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से ग्वालियर के विकास के लिए भेजी गई राशि से होने वाले कार्यों में महापौर और नगर निगम परिषद की ओर से व्यवधान डाला जा रहा है।
इन आरोपों के बाद कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर भाजपा पर पलटवार किया।
महापौर बोलीं- विकास के लिए लगातार राशि की मांग की
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि नगर निगम और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस की ओर से समय-समय पर सरकार और संबंधित विभागों को पत्र भेजकर राशि की मांग की गई है।
उनके मुताबिक शहर की खराब सड़कों, पेच रिपेयरिंग, सीवर, पेयजल और अन्य विकास कार्यों के लिए लगातार आर्थिक सहायता मांगी गई, लेकिन कई मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
महापौर ने बताया कि 12 मई 2026 को अतिवृष्टि के कारण शहर में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसके निराकरण के लिए विशेष अनुदान की मांग की गई थी।
करीब 3 हजार करोड़ के प्रस्ताव का भी किया जिक्र
कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में हुई बैठक का भी जिक्र किया। महापौर के मुताबिक, इस बैठक में शहर की सड़क, सीवर और अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे गए थे।
महापौर का दावा है कि इन प्रस्तावों को अब तक मंजूरी नहीं मिली है।
उन्होंने चुंगी क्षतिपूर्ति की पूरी राशि और उसमें वृद्धि, सड़कों के सुधार के लिए विशेष आर्थिक सहायता, कर्मचारियों के नियमितीकरण और वेतनमान सहित कई मुद्दों को लेकर सरकार को पत्र भेजे जाने की बात भी कही।
सांसद भारत सिंह कुशवाह से मांगा राशि का हिसाब
महापौर ने सांसद भारत सिंह कुशवाह पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार से ग्वालियर के विकास के लिए राशि लाई गई है तो उसका स्पष्ट और सार्वजनिक ब्योरा सामने आना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और अब निंदा प्रस्ताव लाकर महापौर पर ही विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों को दी चेतावनी
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने भाजपा पर प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष होकर काम करने और किसी भी राजनीतिक दबाव में नहीं आने की अपील की।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि अधिकारियों का रवैया नहीं बदला तो कांग्रेस उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। यादव ने भाजपा नेताओं पर भी हमला बोलते हुए कहा कि महापौर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने वालों को जनता के बीच जवाब देना होगा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष के बयान में ‘मुंह काला करने’ जैसी चेतावनी भी सामने आई है।
विकास के मुद्दे पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने
ग्वालियर में नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है।
एक ओर भाजपा महापौर और नगर निगम परिषद पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस इन आरोपों को खारिज करते हुए सरकार और सांसद से ग्वालियर के लिए प्रस्तावित एवं स्वीकृत राशि का हिसाब मांग रही है।
अब देखना होगा कि विकास कार्यों और बजट को लेकर दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से क्या स्थिति स्पष्ट की जाती है।