रायपुर। राजधानी स्थित भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में रविवार को भाजपा रायपुर जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। दोपहर 2 बजे शुरू हुई बैठक के बाद सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला हुई। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यशाला को छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप ने संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प
बैठक में भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के साथ उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को भी विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए रेखांकित किया जाएगा।
रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ और घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है।
आंगनवाड़ी से लेकर रक्तदान और स्वच्छता तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में जाकर बच्चों और माताओं से संवाद करने के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का लक्ष्य इन गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने और सेवा कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाना है।
‘सेवा को संस्कार और राष्ट्रहित को संकल्प बनाएं’
कार्यशाला के मुख्य वक्ता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की शुरुआत नहीं है, बल्कि सेवा को संस्कार और राष्ट्रहित को संकल्प बनाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल आधार सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण है। कार्यकर्ताओं ने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया है और यह अभियान इसी भावना को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का माध्यम है।
केदार कश्यप ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को दोहराने का भी अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर केवल शुभकामनाएं देने के बजाय किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करने का आह्वान किया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 13 प्रमुख कार्यक्रम
अभियान की प्रदेश सह-संयोजक एवं प्रदेश मंत्री हर्षित पाण्डेय ने कार्यशाला में अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रव्यापी अभियान में जनभागीदारी, जनसेवा, युवाओं की भागीदारी और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं—
- आशीर्वाद का दीया: 17 सितंबर को शाम 7 बजे देशभर में एक साथ दीप प्रज्वलन।
- वडनगर से वाराणसी: जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा।
- आंगन का मिलन: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और माताओं का सम्मान।
- विद्यार्थियों के लिए भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता।
- सेवा गाथा: नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम।
- सेवा ज्योति यात्रा: गांव, जिला और राज्य स्तर पर आयोजन।
- कहानी बदलाव की: सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां सामने लाना।
- सेवा मेरा योगदान: रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता अभियान।
- सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार: पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर।
- सेवा रंग: स्थानीय कला के माध्यम से मानव रंगोली कार्यक्रम।
- राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज: युवाओं और स्टार्टअप्स के नवाचार को प्रोत्साहन।
- जनसेवा से जुड़े अन्य बूथ और जिला स्तरीय कार्यक्रम।
- जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट तक: 17 अक्टूबर को अभियान का समापन।
बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने पर जोर
कार्यसमिति की बैठक को विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा और जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश मंत्री अमित साहू, राजीव अग्रवाल, संजय श्रीवास्तव, केदार गुप्ता, अमरजीत छाबड़ा, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, मोना सेन, नंद कुमार साहू, अशोक पांडे, सीमा साहू, स्वप्निल मिश्रा, अमित मेसरी, गुंजन प्रजापति, सत्यम दुबा, अकबर अली, सुभाष अग्रवाल, जितेंद्र धुरंधर, तुषार चोपड़ा, अर्चना हुकरे, श्रद्धा मिश्रा, रोहित द्विवेदी, पुष्पेंद्र उपाध्याय, अर्पित सूर्यवंशी, कृतिका जैन, अखिलेश कश्यप, ओमप्रकाश साहू, रज़ियंत ध्रुव और पंकज जगत समेत नगर निगम के पार्षद, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।