September 14, 2026

रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से भी किरण सिंह देव के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली।

किरण सिंह देव ने जताया आभार

मुलाकात के बाद किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि नितिन नबीन ने दिल्ली में आत्मीय मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और शुभकामनाएं दीं।

किरण सिंह देव ने नितिन नबीन के स्नेह, आत्मीयता और शुभेच्छाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा

बता दें कि 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश में किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हुए थे। वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया।

अचानक ब्रेक लगने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में किरण सिंह देव घायल हो गए थे।

पहले झांसी मेडिकल कॉलेज, फिर दिल्ली रेफर

हादसे के वक्त किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात PSO भी वाहन में मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से सफर कर रहे थे।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इसके बाद 30 जुलाई को किरण सिंह देव को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

क्या प्रदेश अध्यक्ष बदलने से जुड़ी है मुलाकात?

नितिन नबीन और किरण सिंह देव की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। कुछ लोग इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष में संभावित बदलाव की चर्चाओं से जोड़कर देख रहे हैं।

हालांकि, मुलाकात को प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल नितिन नबीन की अस्पताल में मुलाकात को घायल प्रदेश अध्यक्ष का हालचाल जानने और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के तौर पर ही देखा जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *