कवर्धा। बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी की जमा रकम वापस दिलाने का झांसा देकर 69 लाख 37 हजार 518 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग (NCDRC) और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान की।

NOC और न्यायालयीन प्रक्रिया के नाम पर वसूली
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने 7 अक्टूबर 2026 को साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात लोगों ने उसकी बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी की जमा राशि वापस दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोपियों ने NOC, न्यायालयीन प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 69,37,518 रुपये जमा करा लिए।
बैंक ट्रांजेक्शन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को मोहम्मद जैद खान (37), निवासी जामिया नगर, दिल्ली की संलिप्तता के साक्ष्य मिले।
इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से पांच दिनों तक तलाश करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बीमा कंपनी में काम करता है आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है। आरोप है कि वह अपने सहयोगी के साथ मिलकर बंद पड़ी बीमा पॉलिसियों की रकम वापस दिलाने के नाम पर लोगों को ठगता था। इस काम के लिए फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि साइबर थाना कबीरधाम अब तक ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है।