छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: दूसरे दिन प्रश्नकाल से होगी शुरुआत, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र का दूसरा दिन मंगलवार को आयोजित होगा। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्री शामिल रहेंगे।
प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे।

सदन में मुख्यमंत्री नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों पर आभार प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। वहीं, विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की अनुमति मांग सकता है, जिससे सदन में राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न याचिकाएं सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से संबंधित पत्र सदन में रखेंगे और प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम से जुड़े शासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे। साथ ही मंत्री टंक राम वर्मा के साथ शासकीय विधि विषयक कार्यों को भी सदन में पुनः प्रस्तुत किया जाएगा।