
रायपुर। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में दो मिनट ‘वंदे मातरम्’ गाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है और CWC में लाया गया यह प्रस्ताव देश के साथ धोखा है।
अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी “मुस्लिम परस्त राजनीति” करती रही है और अब मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि CWC के प्रस्ताव से कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति प्रमाणित होती है।
अधिकारी से गाली-गलौच के वीडियो पर भी साधा निशाना
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा एक अधिकारी से कथित गाली-गलौच के वायरल वीडियो को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कानून हाथ में लेना बड़ा नैतिक अपराध है।
अरुण साव ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराया जाता था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से गाली-गलौच करना दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित है तथा ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए।
‘कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है’
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की भाषा और कामकाज के स्तर पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि यही स्थिति रही तो कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने में मुश्किल में पड़ सकती है।
‘कुर्सी की लड़ाई कांग्रेस में चल रही’
सोशल मीडिया पर कांग्रेस के कथित ‘कुर्सी दंगल’ वाले पोस्ट को लेकर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में आपसी खींचतान और कुर्सी की लड़ाई चल रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में इस तरह की स्थिति नहीं है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पार्टी के नेता हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है और पार्टी में किसी तरह की कुर्सी की लड़ाई नहीं है।
रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों पर ED की कार्रवाई पर बोले साव
शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों पर ED की कार्रवाई को लेकर अरुण साव ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय मामले की जांच कर रहा है और यह जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।
गौठान योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में गौठान को लेकर भ्रष्टाचार हुआ था और कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौ धाम योजना पर तेजी से काम कर रही है।
अधिकारियों के सोशल मीडिया से जुड़ने को बताया जरूरी
सोशल मीडिया पर अधिकारियों की सक्रियता को लेकर अरुण साव ने कहा कि यह सोशल मीडिया का दौर है। सरकारी विभागों का काम और योजनाओं की जानकारी जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों और विभागों का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना जरूरी है।