November 23, 2026

ग्वालियर। त्योहारों के सीजन में मुरार जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों की आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में तैनात कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन से छह महीने से वेतन नहीं मिला है। दीपावली से पहले बकाया भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक पूरा बकाया नहीं मिलेगा, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।

वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल

धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कई बार अधिकारियों और मंत्रियों तक अपनी समस्या पहुंचाई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।

कर्मचारियों के मुताबिक, वेतन नहीं मिलने से घर का किराया, राशन और बच्चों की स्कूल फीस जमा करना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों को उधार लेकर खर्च चलाना पड़ रहा है। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि फीस जमा नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं, कर्ज देने वाले लोग घर पहुंचकर पैसे मांग रहे हैं।

वेतन मांगने पर नौकरी से हटाने की धमकी का आरोप

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बकाया वेतन मांगने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। उनका यह भी कहना है कि शासन की ओर से घोषित वेतन वृद्धि का 11 महीने का एरियर और बोनस भी अब तक नहीं मिला है।

बकाया भुगतान तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी

कर्मचारियों की मांग है कि दीपावली से पहले उनका पूरा बकाया वेतन दिया जाए, ताकि वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक पूरा भुगतान नहीं होता, धरना और हड़ताल जारी रहेगी।

अब सवाल यह है कि अस्पताल प्रबंधन और संबंधित विभाग कर्मचारियों की मांगों पर कब तक फैसला लेते हैं और क्या दीपावली से पहले उन्हें उनका बकाया मेहनताना मिल पाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *