इंदौर। शहर में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पांडे नगर निगम की खरीदी में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एक पोस्टर लेकर मंच के सामने पहुंच गए। पोस्टर पर 30 हजार रुपये के बल्ब और 33 हजार रुपये के फिनाइल की खरीदी का उल्लेख था। इसे देखकर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नाराज हो गए और उन्होंने मंच से ही पुलिस अधिकारियों को बुला लिया।

पोस्टर देखकर मंत्री ने रोका भाषण
रैली में नेता मंच से लोकतंत्र और अराजकता के मुद्दे पर संबोधन कर रहे थे। इसी दौरान प्रहलाद पांडे हाथ में पोस्टर लेकर मंच के सामने पहुंचे। पोस्टर में नगर निगम की खरीदी पर सवाल उठाते हुए बल्ब और फिनाइल की कीमतों का जिक्र किया गया था।
पोस्टर पर नजर पड़ते ही कैलाश विजयवर्गीय ने अपना भाषण रोक दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवाज लगाते हुए प्रहलाद पांडे को वहां से हटाने के लिए कहा। मंत्री ने उन्हें ‘न्यूसेंस’ बताते हुए पुलिस से हस्तक्षेप करने को कहा।
पुलिस ने पोस्टर लिया, कार्यकर्ता को गाड़ी में बैठाकर ले गई
वीडियो में विजयवर्गीय कहते सुनाई दे रहे हैं कि जहां जवाब देना होगा, वहां दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से प्रहलाद पांडे का कागज लेने और उन्हें कुछ देर के लिए गाड़ी में बैठाने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि वह व्यक्ति वहां दोबारा दिखाई नहीं देना चाहिए।
मंत्री के निर्देश के बाद पुलिसकर्मियों ने पोस्टर अपने कब्जे में लिया और प्रहलाद पांडे को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। इस दौरान विजयवर्गीय ने नाराजगी जताते हुए अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें मंत्री का पोस्टर देखकर नाराज होना और पुलिस को कार्यकर्ता को वहां से ले जाने का निर्देश देना दिखाई-सुनाई दे रहा है।
इस घटना के बाद रैली के मंच से लोकतंत्र बचाने के संदेश और उसी मंच के सामने नगर निगम की खरीदी पर सवाल उठाने वाले कार्यकर्ता के साथ हुए व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पोस्टर में लगाए गए खरीदी संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। नगर निगम की ओर से भी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।