November 23, 2026

सतना। जिले के कोठी खेल मैदान में आयोजित अमर शहीद ठाकुर रणमत सिंह स्मृति कोठी प्रीमियर लीग (KPL) टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-7 में रविवार को क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। इस दौरान मैदान में एक खास पल तब आया, जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे ने कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी की गेंद पर शानदार चौका जड़ दिया। पुलिस अधिकारियों के इस क्रिकेट अंदाज ने खिलाड़ियों के साथ मौजूद हजारों दर्शकों का भी खूब मनोरंजन किया।

टीडी ने चार विकेट से जीता मुकाबला

प्रतियोगिता में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में एसटीएल की टीम ने एलाइट वॉरियर्स को शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में टीडी और केजीएन की टीमें आमने-सामने थीं।

टॉस जीतकर टीडी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी केजीएन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 107 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीडी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की। टीडी के खिलाड़ी चंदन सिंह को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

थाना प्रभारी ने की गेंदबाजी, ASP ने जड़ा चौका

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सतना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापारी संघ कोठी के अध्यक्ष आशीष सोनी ने की। विशिष्ट अतिथियों में कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी, पार्षद हाजी मोहम्मद इकराम और मध्यप्रदेश शासन के अधिमान्य पत्रकार अनमोल मिश्रा मौजूद रहे।

इस दौरान थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने गेंदबाजी की, जबकि ASP प्रेमलाल कुर्वे ने उनकी गेंद पर शानदार चौका जड़ दिया। इस शॉट पर मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया। ASP ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

आयोजन समिति के सदस्य और हजारों खेल प्रेमी रहे मौजूद

इस अवसर पर आयोजन समिति के अनुराग सिंह दादू, शिव वीर सिंह बघेल, कमलेश पाठक, हेमंत तिवारी, अभिनव गौतम, नीतेश त्रिपाठी, अतुल शर्मा, दीपेंद्र सिंह, अमित गुप्ता और अम्बिका सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता देखने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी भी मैदान पहुंचे।

KPL सीजन-7 में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ अतिथियों की सहभागिता भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *