खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में नर्मदा नदी के किनारे सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। ये कार्ड इंदौर जिले की राऊ विधानसभा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कार्ड मिलने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। कांग्रेस ने मंडलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नदी किनारे बिखरे मिले वोटर आईडी कार्ड
मामला मंडलेश्वर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नर्मदा नदी के किनारे सफाई के दौरान बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड मिले। ये सभी कार्ड राऊ विधानसभा क्षेत्र के होने का दावा किया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने कार्ड एकत्रित किए और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाइक कार्यकर्ताओं के साथ मंडलेश्वर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने भी वीडियो साझा कर मामले की उचित जांच कराने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
आरिफ मसूद बोले- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मुद्दा लगातार उठा रहे
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इस घटना को लेकर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं और कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है।
मसूद ने कहा कि 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन का बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है और गठबंधन लगातार SIR के खिलाफ आवाज उठा रहा है। उन्होंने भोपाल में नगर निगम चुनाव के दौरान भी ऐसी गड़बड़ी होने का दावा किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
सज्जन सिंह वर्मा ने चुनाव आयोग से जांच की मांग की
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने इंदौर में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि मंडलेश्वर में नर्मदा किनारे राऊ विधानसभा क्षेत्र के वोटर आईडी कार्ड मिले हैं। उनके मुताबिक, सफाई के दौरान ये कार्ड सामने आए।
वर्मा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए चुनाव आयोग के साथ प्रदेश और जिला प्रशासन से संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि मिले हुए कार्ड असली हैं या नकली और वे नदी किनारे कैसे पहुंचे।
कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और निष्पक्ष जांच की मांग करेगी। उन्होंने जनता और न्यायपालिका से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की।
फिलहाल, वोटर आईडी कार्ड मिलने के मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कार्ड की वास्तविक संख्या, उनकी प्रामाणिकता और वे वहां कैसे पहुंचे, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।