November 26, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नामांकन स्वीकार कर लिया गया है। इसके साथ ही उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। वहीं, दो अन्य प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिए गए। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

हरदीप पुरी के नामांकन पर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई थी। निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा और कांग्रेस के प्रतिनिधियों की दलीलें सुनने के बाद शाम साढ़े छह बजे आपत्ति खारिज कर दी।

कांग्रेस ने नामांकन पत्र में त्रुटियों का लगाया आरोप

निर्वाचन अधिकारी के सामने दोनों दलों के नेताओं के बीच बहस हुई। इसके बाद कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नामांकन फॉर्म में कई गलतियां हैं और इसे निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया बिना किसी दबाव और निष्पक्षता से की जाए तो पुरी का नामांकन रद्द होना चाहिए।

शपथपत्र की प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने हरदीप पुरी के शपथपत्र में कानूनी और प्रक्रियात्मक त्रुटियां होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के तहत उम्मीदवार को निर्धारित प्रारूप में शपथपत्र देना अनिवार्य है। नियमों के मुताबिक फॉर्म-26 में उम्मीदवार को प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या नोटरी के समक्ष स्वयं शपथ लेनी होती है।

कांग्रेस का दावा था कि पुरी का शपथपत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं है और केवल सत्यापित दस्तावेज प्रस्तुत किया गया है। कटारे ने शपथपत्र में पत्नी का नाम दर्ज नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पत्नी की संपत्ति का विवरण दिया गया है, लेकिन नाम का कॉलम खाली है।

संपत्ति का विवरण डॉलर में देने पर भी आपत्ति

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि संपत्ति से जुड़ी कुछ जानकारियां भारतीय रुपये के बजाय अमेरिकी डॉलर में दी गई हैं, जबकि निर्धारित प्रारूप में रुपये में विवरण देना जरूरी है। हालांकि, निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस की सभी आपत्तियों को सुनने के बाद खारिज कर दिया और हरदीप पुरी का नामांकन स्वीकार कर लिया।

निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन भी निरस्त

निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी को कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था, लेकिन उनका नामांकन भी निरस्त कर दिया गया। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा के प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन अधिकारी के पास पहुंचे थे। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने फैसला सुनाया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *