भोपाल। मध्य प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 सितंबर को समीक्षा बैठक की। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ग्राम और नगर स्तर तक अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और सभी कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को प्रदेशवासी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर उनके प्रति आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर मध्य प्रदेश में दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करने की बात कही।
17 सितंबर को शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलन
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। 17 सितंबर को शाम 7 बजे उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। अभियान में लाभार्थी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी दिन प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने रक्त संग्रह, परिवहन और भंडारण की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 19 से 26 सितंबर तक जिला स्तर पर और 4-5 अक्टूबर को राज्य स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें शासकीय और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार के साथ मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाले प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम के राज्य प्रभारी स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह होंगे।
वहीं, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को दी गई है।
आंगन मिलन सेवा में बच्चों और माताओं पर फोकस
‘आंगन मिलन सेवा’ 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक प्रदेश की आंगनवाड़ियों में आयोजित होगी। इसमें बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल सामग्री और पठन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री का अपील वीडियो भी आंगनवाड़ियों में दिखाया जाएगा। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया होंगी।
सेवा ज्योति कलश यात्रा और सेवा सेतु अभियान
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभव और संदेश साझा किए जाएंगे।
वहीं, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। इसमें जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण और स्थानीय विकास गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी।
‘सेवा सेतु अभियान’ 2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा। विकासखंड स्तर और नगरीय निकायों में जोनवार शिविर लगाए जाएंगे, जहां केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राही योजनाओं के पात्र लोगों को मौके पर ही लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
भोपाल समेत छह शहरों में बनेगी ह्यूमन रंगोली
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े स्तर पर जनभागीदारी के साथ ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी।
वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की भागीदारी से सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
स्टार्टअप और इनोवेशन पर भी रहेगा जोर
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 12 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स भाग लेंगे।
इसके अलावा ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा, जिसमें प्रदेश के पंच और सरपंच शामिल होंगे।
‘25 साल-25 कहानियां’ कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केंद्र सरकार से प्राप्त किट भेंट की जाएंगी।
लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सेवा सेतु मेगा शिविरों की विकासखंडवार और जोनवार तैयारी करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर मिल सके।
अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण और भोजन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसके तहत प्रदेशभर में अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।