November 24, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के चुनावी हलफनामों में संपत्ति, आय और निवेश का विवरण सामने आया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोनों की संयुक्त चल संपत्ति 2018-19 के लगभग 4.22 करोड़ रुपये से बढ़कर 17.20 करोड़ रुपये हो गई है। हलफनामे में दर्ज आय के अनुसार, लक्ष्मी पुरी की सालाना आय उनके पति से अधिक है।

लक्ष्मी पुरी की आय में बढ़ोतरी

हलफनामे के अनुसार, लक्ष्मी पुरी की सालाना आय वित्त वर्ष 2021-22 में 15.40 लाख रुपये थी, जो 2025-26 में बढ़कर 1.70 करोड़ रुपये दर्ज की गई। वहीं, इसी अवधि में हरदीप सिंह पुरी की आय 63.37 लाख रुपये से बढ़कर 75.57 लाख रुपये हुई।

इन आंकड़ों के आधार पर 2025-26 में लक्ष्मी पुरी की दर्ज आय हरदीप पुरी की आय से दोगुने से अधिक है।

संपत्तियों के लिए 14.17 करोड़ रुपये का एडवांस

हलफनामे में विभिन्न संपत्तियों के लिए कुल 14.17 करोड़ रुपये एडवांस दिए जाने का उल्लेख है। इसमें हरदीप पुरी की ओर से 5.50 करोड़ रुपये और लक्ष्मी पुरी की ओर से 8.67 करोड़ रुपये का भुगतान दर्ज है।

दस्तावेजों के मुताबिक, दंपती ने किसी मौजूदा देनदारी या बैंक कर्ज का उल्लेख नहीं किया है।

जिनेवा में फ्लैट का भी उल्लेख

लक्ष्मी पुरी के हलफनामे में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में 311 वर्गमीटर के फ्लैट का विवरण भी है। इसे 2006 में 16 लाख स्विस फ्रैंक में खरीदा गया था। हलफनामे में इसकी मौजूदा कीमत 30 लाख स्विस फ्रैंक बताई गई है। इसमें यह भी दर्ज है कि वर्ष 2018-19 में फ्लैट पर 8.85 लाख स्विस फ्रैंक का कर्ज था, जिसे चुका दिया गया है।

लक्ष्मी पुरी पूर्व भारतीय विदेश सेवा अधिकारी रह चुकी हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में सहायक महासचिव के रूप में भी काम किया है और वर्तमान में अपोलो टायर्स में स्वतंत्र निदेशक हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *