September 14, 2026

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। छत्तीसगढ़ में भी अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक अलग-अलग सेवा गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने बताया कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यों और गतिविधियों का केंद्र गरीबों की सेवा और जनकल्याण रहा है। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला और मंडल स्तर पर होंगी कार्यशालाएं

यशवंत जैन के मुताबिक अभियान को लेकर 22 अगस्त को दिल्ली में कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसी के आधार पर अब छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद मंडल स्तर पर भी कार्यशालाएं होंगी, जिनमें अभियान के कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की माताओं के साथ संवाद, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां भी होंगी।

पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना है।

गुजरात से वाराणसी तक जल यात्रा

अभियान के तहत गुजरात से 500 भाजपा कार्यकर्ता जल लेकर वाराणसी जाएंगे। प्रदेश संयोजक ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अभियान के अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। इससे सभी गतिविधियों का बेहतर संचालन और आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

भाजपा के मुताबिक, एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *