November 7, 2026

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 22 अक्टूबर से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति रायपुर में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ एवं ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को वह जगदलपुर में विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

रायपुर में स्मारक सिक्का करेंगी जारी

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोक भवन पहुंचेंगी। यहां वह पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

इसके बाद शाम 4 बजे बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ एवं ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। पहले दिन रात्रि विश्राम लोक भवन में प्रस्तावित है।

बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में लेंगी हिस्सा

दौरे के दूसरे दिन यानी 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11 बजे वह मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

क्या है मुरिया दरबार की परंपरा?

बस्तर दशहरा करीब 75 दिनों तक चलने वाला विशिष्ट सांस्कृतिक पर्व है। इसके समापन से जुड़ा मुरिया दरबार आदिवासी समाज की एक महत्वपूर्ण परंपरा है। इसे आदिवासियों की जन-संसद के रूप में भी जाना जाता है।

बताया जाता है कि इस परंपरा की शुरुआत राजशाही के दौर में हुई थी। उस समय राजा शाही पोशाक त्यागकर सामान्य कपड़ों में आम लोगों के बीच जमीन पर बैठते थे और उनकी समस्याएं सुनते थे। आदिवासी समुदाय के लोग अपनी परेशानियां राजा के सामने रखते थे और उनके समाधान के लिए राजपरिवार की ओर से निर्देश दिए जाते थे।

समय के साथ इस परंपरा का स्वरूप बदला है, लेकिन इसका सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व अब भी बना हुआ है। वर्तमान में गांवों के मुखिया और प्रतिनिधि इसमें शामिल होकर लोगों की समस्याओं को सुनते और संबंधित स्तर पर उठाते हैं। इस दरबार में बस्तर के 80 परगनों के मुखिया, चालकी, मेम्बर और मेम्बरीन की भागीदारी बताई जाती है।

इस वर्ष मुरिया दरबार का आयोजन पहली बार जगदलपुर के लालबाग मैदान में किए जाने की जानकारी दी गई है।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रायपुर और बस्तर संभाग के संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट और जगदलपुर के मां दंतेश्वरी हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। इसके साथ ही दोनों शहरों में कार्यक्रम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *