
भोपाल/सीहोर। राजस्थान की PTI भर्ती परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े की जांच अब मध्य प्रदेश तक पहुंच गई है। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने फर्जी और बैकडेटेड BPED डिग्री जारी करने के आरोप में सीहोर स्थित एक यूनिवर्सिटी के कुलपति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में यूनिवर्सिटी के कुलपति, परीक्षा नियंत्रक और एक कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद तीन दिन की रिमांड पर भेजा गया है।
सात महीने पहले हुई थी छापेमारी
मामले की जांच के दौरान राजस्थान SOG ने करीब सात महीने पहले भोपाल और सीहोर में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। यूनिवर्सिटी कैंपस के अलावा भोपाल में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के ठिकाने और कपूर हाउस की भी तलाशी ली गई थी।
तलाशी के दौरान जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिले थे। इन्हीं के आधार पर अब तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
फर्जी और बैकडेटेड डिग्री जारी करने का आरोप
जांच एजेंसी के अनुसार, PTI भर्ती में पात्रता हासिल करने के लिए अभ्यर्थियों को फर्जी और बैकडेटेड BPED डिग्री उपलब्ध कराए जाने का आरोप है। इन डिग्रियों के जरिए अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में कथित तौर पर अवैध लाभ पहुंचाया गया।
राजस्थान SOG अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने अभ्यर्थियों को फर्जी डिग्री दी गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में आगे की जांच के दौरान और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।