September 13, 2026

इंदौर। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ जोन-4 के पुलिस उपायुक्त (DCP) सुनील मेहता के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) आवेदन को औपचारिक मंजूरी दे दी है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति 31 अगस्त 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।

साढ़े चार साल का कार्यकाल था बाकी

प्रमोटी IPS अधिकारी सुनील मेहता 2016 बैच के अधिकारी हैं। उनकी पुलिस सेवा में अभी करीब साढ़े चार साल का कार्यकाल शेष था। इसके बावजूद उन्होंने जून 2026 में पारिवारिक और व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए VRS के लिए आवेदन किया था।

खास बात यह है कि मई 2026 में ही उन्हें इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में DCP जोन-4 की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब VRS मंजूर होने के बाद यह महत्वपूर्ण पद रिक्त हो गया है।

परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं सुनील मेहता

VRS के फैसले को लेकर सुनील मेहता ने कहा कि वह अब अपना समय परिवार के साथ बिताना चाहते हैं। पारिवारिक और व्यक्तिगत कारणों के चलते उन्होंने समय से पहले पुलिस सेवा से अलग होने का निर्णय लिया।

सेवा नियमों के मुताबिक VRS प्रभावी होने के बाद सुनील मेहता एक वर्ष तक किसी व्यावसायिक या लाभ के पद को स्वीकार नहीं कर सकेंगे।

जल्द हो सकती है नए DCP की नियुक्ति

सुनील मेहता के स्वैच्छिक सेवानिवृत्त होने के बाद इंदौर में DCP जोन-4 का पद रिक्त हो गया है। अब इस पद पर नई नियुक्ति को लेकर पुलिस विभाग में कवायद शुरू होने की संभावना है। जल्द ही शासन की ओर से नए DCP की पदस्थापना की जा सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *