कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं ने पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत की, जिसके बाद 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने सभी छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर कर भर्ती कराया, जबकि अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। एहतियात के तौर पर सभी छात्राओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
डॉक्टरों ने बताया कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।